पलक एंड ग्रुप लोकगीत और रिमझिम एंड ग्रुप लोकनृत्य में रहे अव्वल
देवरिया। संत विनोबा पीजी कॉलेज में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जनपद स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, कविता और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ ही लोक संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का बेहतर माध्यम हैं। विशिष्ट अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को ऐसे मंचों से आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अर्जुन मिश्रा ने सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।
प्रतियोगिता के परिणाम में लोकगीत समूह में पलक एंड ग्रुप ने प्रथम, सुनीता एंड ग्रुप ने द्वितीय और खुशी एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में रिमझिम एंड ग्रुप प्रथम, आयुषी एंड ग्रुप द्वितीय और धरा एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। कविता प्रतियोगिता में रोशनी मणि त्रिपाठी प्रथम, अपराजिता दुबे द्वितीय और श्रीवर्धन शिवम सिंह तृतीय रहे। वहीं पेंटिंग में यशी मौर्या प्रथम, तूलिका चौरसिया द्वितीय और प्रिया कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहीं।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी काशीनाथ ने कहा कि विभाग ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
निर्णायक मंडल में डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. साधना तिवारी, डॉ. प्रीति सिंह, स्वामी विजयमल्ल और दयानंद मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम प्रभारी नीरज मिश्रा ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निखिल आनंद, संतोष यादव, आशीष सिंह, अर्जुन सिंह, कुलदीप साहू, विशाल कुमार गुप्ता, युवक मंगल दल अध्यक्ष विकास यादव, शिवम पांडेय, ओमप्रकाश यादव, रत्नेश प्रसाद, सत्यम, जयमंगल और वीरबहादुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
