सोनीपत। लाल डोरा क्षेत्र में वर्षों से अपनी संपत्तियों पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिलाने की दिशा में नगर निगम ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 40 पात्र लाभार्थियों को उनकी संपत्तियों के मालिकाना हक संबंधी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मेयर राजीव जैन और निगम के एएमसी विजयपाल यादव ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। प्रमाण पत्र मिलने से लाभार्थियों को अपनी संपत्ति के स्वामित्व का आधिकारिक दस्तावेज प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मेयर राजीव जैन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य लाल डोरा क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी संपत्ति का मालिकाना हक दिलाना है। नगर निगम इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करवाए गए सर्वे में करीब 15 हजार संपत्तियां चिह्नित की गई थीं। इन सभी संपत्तियों के पात्र मालिकों को प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने के लिए निगम अधिकारियों को तेजी से प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ लेने से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। एएमसी विजयपाल यादव ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रमाण पत्र जारी करने के लिए जमीन की पैमाइश, आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाई जा रही हैं। अब तक करीब एक हजार प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं। जिन लोगों की फाइलें अभी लंबित हैं, उनके दस्तावेजों की जांच कर कमियां दूर करवाई जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही शेष पात्र लाभार्थियों के प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे। मालिकाना हक के प्रमाण पत्र मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी झलकी और उन्होंने सरकार की इस योजना का आभार जताया।
