दादा कुशाल सिंह दहिया का 351वें बलिदान दिवस पर बढ़खालसा में जुटेंगी प्रमुख हस्तियां

0Shares

सोनीपत। सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग में अपने अदम्य साहस और त्याग के लिए स्मरण किए जाने वाले दादा कुशाल सिंह दहिया जी का 351वां बलिदान दिवस 15 नवंबर को सोनीपत जिले के बढ़खालसा में मनाया जाएगा। समारोह में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों, खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। अमर बलिदानी कुशाल सिंह चैरिटेबल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से जीटी रोड स्थित बढ़खालसा स्मारक परिसर में आयोजित कार्यक्रम रविवार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस अवसर पर स्मृति सभा के साथ सामाजिक संवाद भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और सामुदायिक विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा डॉ. राज नेहरू, ओएसडी मुख्यमंत्री, सरदार प्रभलीन सिंह, ओएसडी मुख्यमंत्री, सरदार गुलाब सिंह मुनक और डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त शिक्षाविदों, खिलाड़ियों, प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, पर्यावरण कार्यकर्ताओं, कलाकारों, पत्रकारों और युवा प्रतिनिधियों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। ट्रस्ट ने अपने बयान में कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक ऐतिहासिक बलिदान को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि उस गौरवशाली विरासत से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है।
आयोजकों ने खाप पंचायतों, किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न पेशेवर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों से भी समारोह में भाग लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *