
गुवाहाटी। असम के कामरूप जिले के शिंगिमारी स्थित दक्षिण पाकरकोना में बुधवार को असम के तीसरे मान्यताप्राप्त चालक प्रशिक्षण केंद्र (एटीडीसी) और स्वचालित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का उद्घाटन असम के परिवहन मंत्री चरण बड़ो ने किया। इस अवसर पर हाजो-सुवालकुची विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश चंद्र दास भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और कुशल एवं प्रशिक्षित चालकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देशभर में अत्याधुनिक चालक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की पहल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बरपेटा और नगांव के बाद कामरूप में शुरू हुआ यह केंद्र चालक प्रशिक्षण तथा दक्षता मूल्यांकन को नई दिशा देगा। केंद्र में ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों की परीक्षा पूरी तरह डिजिटल प्रणाली से होगी। परीक्षा में सफल होने के बाद ही अभ्यर्थी लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान अत्याधुनिक सिमुलेशन उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, अभ्यर्थियों को वाहन मरम्मत की बुनियादी जानकारी भी दी जाएगी। चालकों की दक्षता जांचने के लिए केंद्र में अत्याधुनिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक बनाया गया है। परिसर में लगाए गए 31 सीसीटीवी कैमरों से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की निगरानी होगी। मूल्यांकन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिणाम डिजिटल प्रणाली से घोषित किए जाएंगे। जिला परिवहन कार्यालय के मोटर वाहन निरीक्षक पूरी परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। कार्यक्रम में कामरूप के जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुआ, रंगिया सम-जिला आयुक्त नवजीत पाठक, कामरूप जिले के जिला परिवहन अधिकारी मनोज कुमार चौधरी तथा कामरूप महानगर जिले के जिला परिवहन अधिकारी हिमांशु दास सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
