छठ पर्व पर विकास भवन में लगी विकास प्रदर्शनी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

0Shares

देवरिया। छठ पर्व के अवसर पर जनपदवासियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से विकास भवन परिसर में विकास प्रदर्शनी लगाई गई है। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे विकास भवन परिसर पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करें और अपने लिए उपयोगी सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। सरकार की मंशा है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए जरूरी है कि पात्र लोग योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और दूसरों को भी जागरूक करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि यह प्रदर्शनी 15 से 17 नवंबर तक विकास भवन परिसर में लगी रहेगी। उन्होंने जनपदवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सरकार की विकासपरक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *