देवरिया कलेक्ट्रेट में धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

0Shares

देवरिया । भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय मुख्य कार्यक्रम का राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) के माध्यम से वर्चुअल प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से हुआ। इसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव तथा जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज के महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श आज भी समाज को संघर्ष, स्वाभिमान और एकता की प्रेरणा देते हैं।
देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) रामजनम के आह्वान पर भारतवर्षीय गोंड आदिवासी महासभा के जिलाध्यक्ष मुंशी प्रसाद गोंड, जिला मीडिया प्रभारी जयनन्द प्रसाद गोंड, निर्भय गोंड, विशाल गोंड, अंबिका गोंड, प्रमोद गोंड, राम निरंजन गोंड, दरोगा गोंड और हृदयानंद गोंड सहित जनजातीय समुदाय के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने तथा जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *