छठ घाटों का एएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश

0Shares

पकहां और हेतिमपुर घाट पर तैयारियों का लिया जायजा, गोताखोरों की तैनाती और बैरिकेडिंग कराने पर जोर

देवरिया । छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय ने थाना बघौचघाट क्षेत्र के पकहां घाट और थाना महुआडीह क्षेत्र के हेतिमपुर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग और आवागमन के रास्तों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एएसपी ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने तथा आवश्यकता के अनुसार गोताखोरों और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को घाटों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त करने और यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने को कहा। महिला श्रद्धालुओं के साथ बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा सुरक्षित आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *