श्रीरामपुर पुलिस ने नकबजनी का किया पर्दाफाश, चोरी के जेवर व औजारों के साथ एक गिरफ्तार

0Shares

सहयोगी की तलाश में जुटी पुलिस, घर की खिड़की का सरिया मोड़कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम

श्रीरामपुर (देवरिया)। थाना श्रीरामपुर पुलिस ने नकबजनी की एक घटना का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की पायल, बिछिया, साड़ी और लेडीज पर्स के साथ वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी, लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास बरामद किए गए हैं। पुलिस दूसरे आरोपित की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में श्रीरामपुर पुलिस ने 14 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे सिकटिया पेट्रोल पंप से पहले तिराहे के पास से मंटू उर्फ दल्लू पुत्र हरेन्द्र राजभर निवासी अहिरौली बघेल, उत्तरी टोला, थाना बनकटा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 17/18 सितंबर की रात सिकटिया दीनाचक गांव निवासी सुनीता देवी के घर को चोरों ने निशाना बनाया था। घर के पिछले कमरे की खिड़की में लगे लोहे के सरिये को मोड़कर चोर अंदर घुसे और बक्से में रखी साड़ियां, आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान मंटू उर्फ दल्लू और उसके सहयोगी दुर्गेश उर्फ मुलायम यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने मंटू को गिरफ्तार कर उसके पास से एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, नारंगी रंग की साड़ी और काला लेडीज पर्स बरामद किया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हथौड़ी, लोहे की रॉड, पेचकस और प्लास भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। वहीं, दूसरे वांछित आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल शहनवाज अली और कांस्टेबल अरविन्द यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *