सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मैंना नामक पोखरे में व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

0Shares

सिधौना/मेहनाजपुर (आजमगढ़)।लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार की शाम सिधौना स्थित सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर में बने मयना नामक पोखरे में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की। शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा सामग्री, फल, फूल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से सजे सूप एवं दउरा लेकर सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मयना पोखरे पर पहुंचीं।
सूर्यास्त के समय पोखरे में खड़ी होकर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पोखरे पर छठ पूजा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वहीं मेहनाजपुर, ग्राम बरवां, मानिकपुर, रामनगर सहित आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सभी स्थानों पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
छठ पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और सूर्य देव के प्रति आभार प्रकट करने का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। यह पर्व पवित्रता, लोक आस्था, पारिवारिक सुख-समृद्धि और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
व्रती महिलाएं सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद अपना व्रत पारण करेंगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छठ पूजा को लेकर श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेहनाजपुर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह सहित उप निरीक्षक भरत प्रसाद उपनिरीक्षक सुनील यादव महिला कांस्टेबल अंजलि पीआरबी टीम के सभी कर्मचारीगण उक्त धाम पर उपस्थित रहे जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *