देवरिया। यातायात माह के तहत बुधवार को यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 129 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। अभियान में बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस के संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान भटवलिया चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, सुभाष चौक और कसया ओवरब्रिज पर विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के चालान किए गए। वहीं, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित ऑटो व ई-रिक्शा को सीज किया गया।
इसके अलावा सलेमपुर रोड पर इंटरसेप्टर वाहन की मदद से निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान काटे गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
