सलेमपुर (देवरिया)I भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सत्य प्रकाश दुबे को भाजपा किसान मोर्चा, देवरिया जिले का जिला शोध प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सत्य प्रकाश दुबे को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और कार्यक्षमता के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। जिला शोध प्रमुख के रूप में उनसे किसानों से जुड़े मुद्दों, कृषि क्षेत्र की समस्याओं, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं तथा ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों पर अध्ययन और शोध के माध्यम से संगठन को महत्वपूर्ण सुझाव देने की अपेक्षा है।
इस अवसर पर सत्य प्रकाश दुबे ने भाजपा के शीर्ष एवं संगठनात्मक नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, किसान हितों के लिए कार्य करना और संगठन की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने देवरिया के जिलाध्यक्ष श्री काली प्रसाद जी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री काशिपति शुक्ल जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी जी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
सत्य प्रकाश दुबे की इस नियुक्ति को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से भाजपा किसान मोर्चा को जनपद में और मजबूती मिलेगी तथा किसानों से जुड़े विषयों को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
