सिधौना बाज़ार में रक्षाबंधन की रही धूम, मिठाइयों और रंग-बिरंगी राखियों से सजा बाज़ार

0Shares

सिधौना (आज़मगढ़)। रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर सिधौना बाज़ार में गजब की रौनक देखने को मिल रही है। बाज़ार की दुकानें रंग-बिरंगी राखियों और तरह-तरह की मिठाइयों से सजी हुई हैं। भोर से ही बाज़ार में बहनों और खरीदारों की चहल-पहल शुरू हो गई है।
​त्योहार को खास बनाने के लिए बाज़ार के मिष्ठान विक्रेताओं ने शुद्धता और स्वाद को ध्यान में रखते हुए विशेष मिठाइयां तैयार की हैं। बाज़ार में खोया पेड़ा और काजू बर्फी की सबसे अधिक मांग देखी जा रही है। इसके अलावा ग्राहक मिल्क केक, कलाकंद, स्पंज रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बालूशाही और मोतीचूर के लड्डू की भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं।


​वहीं दूसरी ओर, राखी की दुकानों पर भी बहनों की भारी भीड़ जुट रही है। इस बार बाज़ार में बच्चों के लिए लाइट वाली LED राखियां और डोरेमोन व छोटा भीम जैसे कार्टून किरदारों वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बड़ों के लिए रुद्राक्ष, ॐ, स्वास्तिक और मोती वाली फैंसी राखियों की खूब बिक्री हो रही है।
​व्यापारियों का कहना है कि त्योहार को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और बाज़ार में अच्छी-खासी खरीदारी दर्ज की जा रही है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी बाज़ार में मुस्तैद नज़र आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *