सपना पॉली क्लीनिक की ओटी और देवांश अस्पताल का गेट सील

0Shares

बिलरियागंज में दो अस्पतालों पर कार्रवाई से मचा हड़कंप, बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई।

 

बिलरियागंज (आजमगढ़)। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को बिलरियागंज क्षेत्र में दो अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. मोहन लाल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सपना पॉली क्लीनिक के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को सील कर दिया। वहीं, देवांश अस्पताल के संचालक के मौके पर नहीं मिलने पर अस्पताल के मुख्य गेट को बाहर से सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। खास बात यह रही कि देवांश अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महज 100 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा था। दोनों अस्पतालों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
इस संबंध में नोडल अधिकारी डॉ. मोहन लाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अस्पतालों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान डॉ. विवेक शाह, सहायक धीरेंद्र शुक्ला तथा बिलरियागंज थाने की पुलिस टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *