आर्थिक आधार पर आरक्षण और कानूनों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ बारहो संगठन की बैठक

0Shares

चक्रपानपुर, आजमगढ़। UGC के नए नियमों, आरक्षण को आर्थिक आधार से जोड़ने की मांग तथा SC/ST Act जैसे विशेष कानूनों के कथित दुरुपयोग से निर्दोष लोगों को होने वाली परेशानियों को लेकर बारहो समाज/क्षेत्र के सवर्ण समाज के लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक श्री राम जानकी मंदिर परिसर, चक्रपानपुर में आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि समानता, न्याय और अवसर की समानता लोकतंत्र की मूल भावना है। आर्थिक रूप से कमजोर हर वर्ग के जरूरतमंद व्यक्ति को शिक्षा एवं रोजगार में उचित अवसर मिलना चाहिए। साथ ही विशेष कानूनों के दुरुपयोग की शिकायतों पर भी सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिले और निर्दोष लोगों के अधिकारों की भी रक्षा हो।
बैठक में बारहो संगठन के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा गया कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य सवर्ण समाज की आवाज को संगठित रूप से उठाना और सरकार को इन मुद्दों पर जवाबदेह बनाना है।
उक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए बारहो समाज/क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा जिलाधिकारी, आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपेंगे।
इसी संबंध में आगामी रविवार 06 सितम्बर 2026 को दोपहर 2 बजे दिन में श्री राम जानकी मंदिर परिसर, चक्रपानपुर, आजमगढ़ में व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें UGC के नए नियम, आर्थिक आधार पर आरक्षण, कानूनों के कथित दुरुपयोग तथा आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
आयोजकों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूत करने की अपील की है।
मीटिंग में अखिलेश कुमार पांडे, दुर्गा प्रसाद पांडे, ओमप्रकाश पांडे, रविभान सिंह, कौशल सिंह, तेजबहादूर सिंह, राकेश कुमार सिंह, राहुल सिंह, दिनेश सिंह तथा बारहों संयुक्त विकास के गणमान्य सदस्यों की उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *