सोनीपत। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में एक भव्य ड्राइंग प्रतियोगिता और कला प्रदर्शनी (ड्राइंग एग्जीबिशन) का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में राजकीय बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल जाखोली, पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल बड़ोली, गर्ल्स प्राइमरी गवर्नमेंट स्कूल जाखोली, मॉडल संस्कृति स्कूल जाखोली तथा पीएम श्री प्राइमरी स्कूल (जाखोली एवं बड़ोली) के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज़िला अध्यक्ष एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम के ज़िला सह-संयोजक शमशेर सिंह ‘तूफान’ ने शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक और संदेशप्रद कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा बच्चों की प्रतिभा व रचनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शमशेर सिंह तूफान ने बताया कि यह सेवा संकल्प अभियान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर शुरू किया गया है, जो 17 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा। इस पूरे माह के दौरान समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जागरुकता से जुड़े विभिन्न रचनात्मक व कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
ड्राइंग प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक संदेशों, पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति जैसे विविध विषयों पर अपनी कला के रंग बिखेरे। विद्यालय के शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। वहां पर जखौली सरपंच नवीन, स्कूल प्रधानाचार्या ज्योति एवं एस एम सी कमेटी सदस्य, रजनीश मौजूद रहे।
