सोनीपत। गणेश महोत्सव एवं विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर शहर में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में विधायक निखिल मदान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विधिवत रूप से भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। विधायक निखिल मदान ने शहर की चौहान कॉलोनी में गणेश महोत्सव और सुनारों वाली गली, छोटा हलवाई हट्टा में बंगाली समाज द्वारा आयोजित सार्वजनिक वार्षिक विश्वकर्मा पूजा समारोह में पहुंचकर आयोजकों तथा श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान गणेश के चरणों में नमन करते हुए कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। उनकी आराधना से मनुष्य को नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सद्बुद्धि की प्रेरणा मिलती है। विधायक ने विभिन्न कार्यक्रमों में आयोजक समितियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने कहा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से विघ्न-बाधाओं को दूर करें और हर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि लेकर आएं। उन्होंने सभी नागरिकों से गणेश महोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इस अवसर पर पूनम वर्मा, उज्जवल, नवीन वशिष्ठ,निरंजन, राजू, स्वर्णकार समाज के प्रधान नीरज वर्मा, जोगिंदर वर्मा सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
