डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए नगर निगम ने फिर शुरू किया फॉगिंग अभियान

0Shares

सोनीपत। डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर निगम की ओर से शहर में दोबारा फॉगिंग अभियान शुरू किया गया है। मेयर राजीव जैन की अगुवाई में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शहर की प्रत्येक कॉलोनी और मोहल्ले में फॉगिंग की जाएगी, ताकि मच्छरों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी क्षेत्रों में फॉगिंग नियमित रूप से करवाई जाए और जिन स्थानों पर मच्छरों की अधिकता है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए नगर निगम अपने स्तर पर लगातार प्रयास कर रहा है। मेयर राजीव जैन ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। टूटे हुए बर्तन, प्लास्टिक के डिब्बे, टायर या अन्य सामान में पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें और कहीं भी पानी जमा दिखाई दे तो उसे तुरंत साफ करें।
उन्होंने कहा कि मच्छरों की रोकथाम केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। नगर निगम और शहरवासी मिलकर प्रयास करेंगे तो डेंगू और मलेरिया की रोकथाम को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *