चिकित्सक की संदिग्ध मौत, शव सड़क किनारे मिला

0Shares

ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस दुर्घटना मानकर जांच में जुटी।

अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र की हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी अंतर्गत हैरिंग्टनगंज-देहली मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि शहीद रामसूरत इंटर कॉलेज के समीप 54 वर्षीय चिकित्सक माता प्रसाद मौर्या घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक की मौत की खबर से क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है।
जानकारी के अनुसार, डीह पूरे बीरबल निवासी स्वर्गीय रामलौट मौर्या के पुत्र माता प्रसाद मौर्या सराय मजरा में अपना दवाखाना चलाते थे। सोमवार को वे सुल्तानपुर जिले के फतेहपुर गांव में श्यामलाल मौर्या के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल हुए थे। रात करीब नौ बजे अमित उन्हें क्लिनिक छोड़कर कुमारगंज चले गए।
ऊं सांई फिलिंग स्टेशन के संचालक राकेश यादव के अनुसार, रात करीब दस बजे तक चिकित्सक क्लिनिक नहीं पहुंचे थे। उनकी बाइक पेट्रोल पंप पर खड़ी मिली, जिसे उन्होंने सुरक्षित रख लिया। इसके बाद चिकित्सक के साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
मध्यरात्रि करीब बारह बजे गश्त कर रही पुलिस ने चिकित्सक को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। चौकी प्रभारी शेखरनाथ सिंह को सूचना दी गई और डायल 108 एंबुलेंस से उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
चौकी प्रभारी शेखरनाथ सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
चिकित्सक माता प्रसाद मौर्या अपने पीछे पत्नी रजमता और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक छाया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *