चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

0Shares

गौरीबाजार (देवरिया)। गौरीबाजार थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की अपाचे और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पहली घटना में तीन-चार अक्टूबर की रात बखरा निवासी दीपक कुमार की अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 52 बीटी 7863 घर के बाहर से चोरी हो गई थी। मामले में गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवरिया पश्चिमी रेलवे ढाला के पास से सिरजम निवासी विशाल त्रिपाठी को चोरी की अपाचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, चार अक्टूबर को सिरजम निवासी सरोज कुमार की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या यूपी 52 एएफ 6382 गौरीबाजार चौराहे से चोरी करने का प्रयास किया गया था। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने छितौनी, हनुमानगंज, कुशीनगर निवासी रोहित सिंह को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल रामभवन चौरसिया, कांस्टेबल रामप्रवेश यादव, आकाश यादव, राजेश यादव और रविन्द्र चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *