मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल की खिड़की से गिरा मरीज, जांच के लिए टीम गठित

0Shares

देवरिया। देवरिया मेडिकल कॉलेज में रविवार रात करीब 9:50 बजे एक 60 वर्षीय मरीज दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
सूचना पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल और सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल मरीज का हाल जाना। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर जांच की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
घायल की पहचान रामानुज चौहान निवासी महरा देव बाजार, थाना भोरे, जिला गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वह शुक्रवार से मेडिकल वार्ड में भर्ती थे और बेड नंबर 33 पर उनका उपचार चल रहा था।
परिजनों के अनुसार रामानुज मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से उनकी बीमारी के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। मरीज किन परिस्थितियों में दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिरा, इसकी जांच टीम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *