संविदा कर्मचारियों ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

0Shares

समान कार्य-समान वेतन समेत कई मांगों के समाधान की उठाई आवाज।

भटनी (देवरिया)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संगठन के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी में संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अधीक्षक डॉ. एपीएन सिंह को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में संविदा कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने, सेवाकाल में किसी संविदा कर्मी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को मृतक आश्रित के रूप में सेवा का अवसर देने की मांग की गई। इसके अलावा सभी संविदा कर्मियों के वेतन से कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की कटौती करने तथा कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
कर्मचारियों ने दुर्घटना या असामयिक मृत्यु की स्थिति में मिलने वाली बीमा धनराशि को 30 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की भी मांग की। साथ ही संविदा कर्मियों की सेवा सुरक्षा के लिए स्पष्ट नियमावली बनाए जाने की मांग की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. एपीएन सिंह ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की ओर से सौंपे गए मांगपत्र को आवश्यक कार्रवाई एवं विचार के लिए उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा।
इस दौरान संविदा संघ के भटनी ब्लाक अध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, राकेश कुशवाहा, डॉ. अनिल पाल, डॉ. अजीज अहमद, डॉ. अल्का गुप्ता, डॉ. मुहम्मद शरीफ, बेचन तिवारी, गुलाम मोइनुद्दीन, रानी यादव, ओमप्रकाश, वसीम अहमद, मंजू यादव, कंचन सिंह, राजू मौर्य, सुनील कुमार, सुनीता मौर्या, श्याम नारायण कुशवाहा, सुनीता देवी, सनम कुमारी, मनीषा मौर्या, पुष्पा यादव, ममता भारती, सद्दाम हुसैन सहित अन्य संविदा कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *