बघौचघाट (देवरिया)। बघौचघाट थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली। साइबर पुलिस टीम ने ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराते हुए पीड़ित के खाते में 8,091 रुपये वापस करा दिए।
ग्राम भुजौली निवासी कमल हसन के साथ साइबर ठगी के माध्यम से धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने 14 जनवरी 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद बघौचघाट थाने की साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और ठगी की रकम को होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर 8,091 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में की गई। इसमें थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संकल्प सिंह राठौर और कांस्टेबल अवधेश कुमार पटेल शामिल रहे।
देवरिया पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर शिकायत करें। समय से शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
