एसपी ने सुरौली थाने का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0Shares

अभिलेखों की जांच कर फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।

सुरौली (देवरिया)। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सोमवार को थाना सुरौली का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों के साथ आगंतुक रजिस्टर और महिला हेल्पडेस्क रजिस्टर की जांच की। उन्होंने दर्ज प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा उनका नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने को भी कहा।
महिला हेल्पडेस्क के निरीक्षण के दौरान महिला और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों में संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा पीड़िताओं को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में संतरी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना परिसर में रखे शस्त्रों का भी निरीक्षण कर उनके रख-रखाव और नियमित साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित एवं वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *