रुद्रपुर (देवरिया)। फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाने और उसके आधार पर विदेश यात्रा करने के मामले में वांछित आरोपित को रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपित के संबंध में सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार को भृगुसरी मोड़ से करीब 50 मीटर आगे भृगुसरी की ओर घेराबंदी कर सुबह करीब 9:50 बजे अखिलेश यादव पुत्र टेंगरी यादव, निवासी बनिएनी, थाना रुद्रपुर, उम्र करीब 41 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा की तथा उसका लाभ प्राप्त किया। मामले में थाना रुद्रपुर में मु0अ0सं0 447/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) व 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरव सिंह, कांस्टेबल बृजभान यादव, रिजर्व कांस्टेबल अमन सिंह और रिजर्व कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे।
