देवरिया। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरौली थाना पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक के 35 हजार रुपये वापस करा दिए। धनराशि खाते में वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
गोलौधा बरौली निवासी राहुल कुशवाहा ने 22 जनवरी 2026 को साइबर ठगी के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद सुरौली थाने की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय के आदेश और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 35 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कांस्टेबल इमरान अंसारी और कांस्टेबल जसवंत यादव शामिल रहे।
पुलिस की अपील: साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
