रुद्रपुर ( देवरिया)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के तीन स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
सुदामा चौराहा, इंदुपुर चौराहा और रामलक्षण चौराहा पर आयोजित नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। कलाकारों ने संवाद और अभिनय के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। करीब 750 लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति देखी और सराहना की।
कार्यक्रम का उद्देश्य मनोरंजन के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं और जनहितकारी कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
