दुर्गा पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

0Shares

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था के निर्देश।

देवरिया। दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सिरसिया स्थित दुर्गा पूजा पंडालों और पटनवा पुल के निकट विसर्जन घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विसर्जन घाट पर प्रकाश, बैरिकेडिंग, यातायात और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नदी में नाव और गोताखोरों की तैनाती के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इसके बाद अधिकारियों ने सिरसिया में बनाए जा रहे दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने आयोजकों को निर्धारित मानकों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर ध्यान देने तथा पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन घाटों तक पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को विसर्जन के दौरान सतर्कता बरतने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी अनिमेष वर्मा, क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *