देवरिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास भवन परिसर में सूचना विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के दूसरे दिन शुक्रवार को स्कूली बच्चों, भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को योजनाओं के उद्देश्य, उपलब्धियों और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी पवन मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, निवर्तमान महामंत्री श्रीनिवास मणि और हरेंद्र जायसवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। पवन मिश्रा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से देश व प्रदेश विकास की ओर अग्रसर हैं। विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प सभी के सहयोग से पूरा होगा।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। श्रीनिवास मणि ने अहिल्याबाई होल्कर, बिरसा मुंडा, कबीरदास और रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान विभूतियों के जीवन आदर्शों तथा उनके सम्मान में संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
हरेंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। इससे लोग योजनाओं को समझकर उनका लाभ उठा सकते हैं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मेहनत करने, लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रमोद शाही, अंकुर राय, विजेंद्र चौहान, गोविंद कुशवाहा, सूरज मिश्र, राजेश कुमार, सतीश सहित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।
