खड़ी फसल पर चला प्रशासन का जेसीबी, पोखरी की भूमि कराई कब्जामुक्त

0Shares

देवरिया। सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के अभियान के तहत गुरुवार को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए पोखरी की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। इस दौरान पोखरी की जमीन पर बोई गई धान की खड़ी फसल को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में खलबली मची रही।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सरकारी भूमि, तालाब और पोखरी को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो अक्टूबर को स्वर्गीय रामेश्वर तिवारी के पुत्र विकास तिवारी ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए चार अक्टूबर को राजस्व टीम गठित कर संबंधित भूमि का सीमांकन कराया गया।
राजस्व टीम ने पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में गाटा संख्या 28, 29ग, 33 और 35 का सीमांकन किया। राजस्व अभिलेखों में इन गाटों की भूमि खाद के गड्ढे, बंजर, नवीन परती और पोखरी के रूप में दर्ज मिली। जांच के दौरान गाटा संख्या 35 की कुल 0.178 हेक्टेयर पोखरी की भूमि में से 0.081 हेक्टेयर पर संजय पुत्र श्याम नारायण और वशिष्ठ नारायण पुत्र भभिकन द्वारा धान की फसल बोई गई थी।
गुरुवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे कब्जामुक्त कराया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, तालाब और पोखरी जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में जांच और सीमांकन के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *