संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों का लिया गया जायजा, पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश।
खुखुंदू (देवरिया)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में शुक्रवार को खुखुंदू और बरियारपुर थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों तथा जुलूस के आवागमन वाले मार्गों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
ड्रोन पुलिस टीम ने खुखुंदू कस्बा और पड़री बाजार में प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, बरियारपुर थाना क्षेत्र के कस्बा और बैकुंठपुर में भी ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।
इस दौरान ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और गतिविधियों पर नजर रखी गई। संबंधित थाना पुलिस को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन त्योहारों के मद्देनजर पैदल गश्त, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और सोशल मीडिया की निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, ताकि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
