एक दिन से लापता था बालक, तलाश के दौरान सुबह मिला शव; सूचना पर पहुंची मेहनाजपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मेहनाजपुर (आजमगढ़)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के जमखा गांव में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दिन से लापता 11 वर्षीय बालक का शव गांव के ही पानी भरे गड्ढे में मिला। मृतक की पहचान अंशु कुमार पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमखा गांव निवासी अंशु कुमार की उम्र लगभग 11 से 12 वर्ष थी। वह दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता अजय कुमार परिवार के भरण-पोषण के लिए हैदराबाद में निजी नौकरी करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अंशु की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उसे कभी-कभी मिर्गी के दौरे भी पड़ते थे। बताया जा रहा है कि अंशु एक दिन पहले घर से लापता हो गया था। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह तलाश के दौरान गांव के ही एक पानी भरे गड्ढे में अंशु मृत अवस्था में मिला। बालक का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बाद ही सामने आ सकेगी। कम उम्र में अंशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
