देवरिया। आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नाराजगी जताई है। उनके निर्देश पर शनिवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान एडीएम ने अधिकारियों को आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का वास्तविक तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में सी श्रेणी का फीडबैक मिला है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए निस्तारण की गुणवत्ता सुधारकर ए श्रेणी प्राप्त करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई थी। साथ ही अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं के लिए अलग से प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में शनिवार को अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
