त्योहारों को लेकर पुलिस सतर्क, भटनी और भाटपाररानी में ड्रोन से निगरानी

0Shares

संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की गतिविधियों पर रखी नजर।

भटनी (देवरिया)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को भटनी और भाटपाररानी थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी की गई। पुलिस ने संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
थाना भटनी क्षेत्र के कस्बा भटनी और रेलवे स्टेशन परिसर में ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। वहीं, थाना भाटपाररानी क्षेत्र के कस्बे तथा रानी का पोखरा के आसपास भी ड्रोन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। इस दौरान प्रमुख स्थानों और लोगों की आवाजाही वाले क्षेत्रों की निगरानी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती गई।
त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरे के इस्तेमाल से ऐसे स्थानों पर भी नजर रखने में मदद मिलती है, जहां सामान्य निगरानी के दौरान सभी गतिविधियों पर ध्यान देना चुनौतीपूर्ण होता है।
भटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस आमजन से भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *