रेलवे स्टेशन से दबोचा गया शातिर मोबाइल व टैबलेट चोर, 2.05 लाख का माल बरामद

0Shares

ट्रेनों और स्टेशनों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला आरोपी प्रवीण चौहान गिरफ्तार।

भटनी (देवरिया)। पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान उड़ाने वाले एक शातिर चोर को जीआरपी भटनी पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी के दो कीमती मोबाइल और एक एप्पल आईपैड टैबलेट बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस मुस्तैदी से स्टेशन और ट्रेनों में यात्रा करने वाले मुसाफिरों ने राहत की सांस ली है।
मामला 9 अक्टूबर का है, जब जीआरपी अनुभाग गोरखपुर के आला अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, शातिर अपराधियों की धरपकड़ और अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी जीआरपी भटनी राजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान भटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 3 के पूर्वी छोर पर नवनिर्मित शौचालय के आगे सीमेंटेड बेंच पर एक संदिग्ध युवक बैठा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस ने उसके कब्जे से 70 हजार रुपये कीमत का एक एप्पल आईफोन मोबाइल, 20 हजार रुपये का एक सैमसंग मोबाइल (गोल्डन कलर) और 1 लाख 15 हजार रुपये की भारी-भरकम कीमत वाला एक एप्पल आईपैड टैबलेट (सिल्वर कलर) बरामद किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रवीण चौहान पुत्र फून्नू चौहान, निवासी ग्राम मकुनही, थाना खुखुन्दू, जिला देवरिया (उम्र करीब 28 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान शातिर चोर प्रवीण चौहान ने कबूल किया कि वह ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों से यात्रियों के मोबाइल, सामान और गहने चोरी करता था। उसने पुलिस को बताया कि वह इन सामानों को बेचकर अपनी जरूरतें पूरी करता था। पुलिस की बढ़ती दबिश के कारण वह अपने घर से कपड़े समेटकर महाराष्ट्र भागने की फिराक में किसी ट्रेन का इंतजार कर रहा था, लेकिन जीआरपी की मुस्तैदी से पहले ही धर दबोचा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जीआरपी भटनी में पहले से ही धारा 305(सी) और 317(2) बीएनएस के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
इस शातिर चोर को गिरफ्तार करने वाली सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम में जीआरपी भटनी के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आलोक सिंह पटेल, हेड कांस्टेबल मिथिलेश कुमार खरवार और आरक्षी सचिन यादव शामिल रहे। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *