लुक आउट सर्कुलर जारी होते ही मुंबई एयरपोर्ट पर दबोचा गया हत्या के प्रयास का आरोपी

0Shares

बनकटा (देवरिया)। हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे और विदेश भागने की फिराक में लगे एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बनकटा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ जारी कराए गए लुक आउट सर्कुलर (LOC) की मदद से उसे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबोच लिया गया। बनकटा पुलिस की टीम मुंबई पहुंचकर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देवरिया लाई, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर द्वारा जनपद में अपराधियों और वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के कुशल निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में आरोपी की तलाश कर रही थी।
पकड़ा गया आरोपी आनंद कुमार (उम्र लगभग 31 वर्ष) पुत्र मदन राजभर, बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम बौलिया पाण्डेय का रहने वाला है। उसके खिलाफ बनकटा थाने में भारतीय दंड विधान (IPC) की धारा 147, 148, 323, 504, 506 और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा पंजीकृत था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह देश छोड़कर भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसकी चाल को नाकाम करने के लिए पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी करा दिया था। इसी सतर्कता के चलते बीते 6 अक्टूबर को जब वह मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा, तो वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया और स्थानीय सहार थाने (मुंबई) को सुपुर्द कर दिया।
मुंबई से आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बनकटा थाने की एक विशेष पुलिस टीम तत्काल मुंबई के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने सहार थाने से अभियुक्त आनंद कुमार को अपनी कस्टडी में लिया और उसे लेकर देवरिया पहुंची। शनिवार, 10 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय से विधिक रिमांड प्राप्त होने के बाद पुलिस ने उसे जिला कारागार देवरिया में दाखिल करा दिया है।
मुंबई जाकर इस वांछित आरोपी को कस्टडी में लेने और उसे जेल के सलाखों के पीछे पहुंचाने में बनकटा थाने के उपनिरीक्षक संतोष कुमार मौर्य, हेड कांस्टेबल आदर्श भट्ट और रिक्रूट कांस्टेबल शिवगोविन्द ने महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *