बिलरियागंज कस्बा व श्रीनगर (सियरहां) अंडरपास के पास चला अभियान, चार वाहनों से पशुओं को पहुंचाया गया गौशाला।
बिलरियागंज (आज़मगढ़)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने जनहित में पहल की। उनके नेतृत्व में बिलरियागंज कस्बा और श्रीनगर (सियरहां) अंडरपास के आसपास घूम रहे लगभग डेढ़ दर्जन छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर मंदूरी के पास स्थित गौशाला में भेजवाया गया। चार वाहनों की मदद से पशुओं को गौशाला पहुंचाने की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की पहल की सराहना की।
थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के घूमने और अचानक राहगीरों पर हमला करने की शिकायतें मिल रही थीं। इनके कारण कई लोग घायल भी हो चुके थे। सड़कों पर पशुओं की मौजूदगी से आवागमन में परेशानी होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाकर पशुओं को पकड़वाने और गौशाला भेजने की व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौशाला पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान के दौरान जो पशु पकड़ में नहीं आ सके हैं, उन्हें अगले दिन पकड़वाकर गौशाला भेजने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राहगीरों को परेशानी से राहत मिले और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
थाना प्रभारी की इस पहल पर बिलरियागंज कस्बावासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सक्रियता की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनहित से जुड़े ऐसे प्रयासों से आमजन को राहत मिलती है और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। छुट्टा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में जनसुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
