रौनापार (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार–गोसाईं मार्ग पर अंजुआ पेट्रोल पंप के पास बुधवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस को मौके पर रोक लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति संभालने में जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के बातन गांव निवासी प्रमिला देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश चंद्र अपनी पुत्री गरिमा के साथ स्कूटी से बाजार गोसाईं आई थीं। इसी दौरान स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद मां-बेटी पैदल ही स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए अंजुआ स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रही थीं। तभी शिवपाल बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के वहां से गुजरने के दौरान प्रमिला देवी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हादसे से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली व बस को मौके पर ही रोक लिया। इससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। बुधवार सुबह करीब 11 बजे रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
