ड्रग वेयरहाउस पिपराइच बदहाली का शिकार, कीचड़ और जलभराव से दवा आपूर्ति प्रभावित।
गोरखपुर। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर सरकारी दवाओं की आपूर्ति करने वाले ड्रग वेयरहाउस पिपराइच की बदहाल व्यवस्था अब स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करने लगी है। वेयरहाउस तक पहुंचने वाले रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों तक आवश्यक दवाओं की आपूर्ति बाधित हो रही है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपदीय ड्रग वेयरहाउस पिपराइच के रास्ते पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को वहां तक पहुंचने तथा अपने-अपने केंद्रों के लिए आवश्यक दवाएं लाने में परेशानी हो रही है। इस समस्या के कारण स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
विशेष रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता प्रभावित होने से यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों को निर्धारित दवाएं पूरी मात्रा में नहीं मिल पा रही हैं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार के लिए पहुंचने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को दवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है । इस गंभीर समस्या से मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गोरखपुर तथा अपर निदेशक, गोरखपुर मंडल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रो द्वारा अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान होना आवश्यक है, ताकि दवाओं की आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल हो सके।
अब व्यवस्था सुधारने की दरकार
ड्रग वेयरहाउस तक पहुंचने वाले मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होना जरूरी है। स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्ग की स्थिति सुधारने और दवाओं की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय से आवश्यक दवाएं उपलब्ध हो सकें।
