झोपड़ी में लगी आग, तीन की मौत; महिला गंभीर

0Shares

दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच तीन वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों ने गंवाई जान

भटनी (देवरिया)। थाना क्षेत्र भटनी के ग्राम नोनापार में बुधवार की देर रात एक झोपड़ी में आग लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। दुर्गा पूजा के दौरान जहां क्षेत्र में उत्सव का माहौल था, वहीं इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे नोनापार गांव में एक झोपड़ी में अचानक आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। दोनों टीमों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और आग पर काबू पाया। इसके बाद आग से झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भटनी पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जितेंद्र पुत्र लालचंद्र (32 वर्ष), बालकिशन पुत्र अदालत तथा जितेंद्र की तीन वर्षीय पुत्री शनि को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जितेंद्र की पत्नी लीला गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के बीच हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में दुख की लहर दौड़ गई।
पुलिस कर रही आवश्यक कार्रवाई
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि नोनापार गांव में झोपड़ी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल पुलिस और अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया गया। झुलसे लोगों को सीएचसी भटनी ले जाया गया, जहां तीन लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को रेफर किया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *