पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

0Shares

देवरिया । पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने कर्तव्य पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। निर्धारित सेरेमोनियल प्रक्रिया के तहत परेड ने सलामी शस्त्र एवं शोक शस्त्र की कार्रवाई की। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
पुलिस स्मृति दिवस पर देश और समाज की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को याद किया गया। देवरिया पुलिस ने शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *