देवरिया, । विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने बिजली, खाद वितरण, दुग्ध मूल्य के बकाया भुगतान और फसलों में रोग लगने की समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि किसानों को खाद की रसीद नहीं देने वाले विक्रेताओं को उर्वरक आवंटित न किया जाए। दुग्ध मूल्य के बकाया भुगतान का वर्षवार विवरण उपलब्ध कराने तथा विद्युत क्षमता वृद्धि से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश भी दिए।
ग्राम तेनुआ बौबे निवासी जितेंद्र चतुर्वेदी ने मकान के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने की मांग की। इस पर सीडीओ ने विद्युत विभाग के साथ संयुक्त जांच टीम गठित कर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने को कहा। वहीं, भारतीय किसान यूनियन ने अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा मीटर रीडिंग किए जाने की शिकायत उठाई। विद्युत विभाग ने अधिकृत मीटर रीडरों से ही रीडिंग कराने की अपील की।
उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने बताया कि सरसों के बीज मिनीकिट और गेहूं के बीज की ऑनलाइन बुकिंग चल रही है। किसान विभागीय वेबसाइट agridarshan.up.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को धान की बुवाई से पहले बीज शोधन करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए ई-केवाईसी कराने की सलाह दी।
बैठक में बताया गया कि जनपद के 471 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है, जिनमें 371 में काम पूरा हो चुका है। साधन सहकारी समितियों के गोदामों में यूरिया और डीएपी उपलब्ध होने पर सीडीओ ने अगले दिन से वितरण शुरू कराने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप शाही सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
