देवरिया, । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को वर्चुअल बैठक कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अंश निर्धारण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने धारा-24, धारा-34, धारा-80 और धारा-116 से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाकर रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
