बाईपास मार्ग से गुजरेंगे वाहन, कस्बे में निकलेगी भगवान श्रीराम की भव्य झांकी; पक्का पोखरा पर होगा रावण दहन।
बिलरियागंज (आजमगढ़)। बिलरियागंज कस्बे में 22 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दशहरा मेले को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। इसके तहत मेले के दौरान वाहनों को बाईपास मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा, ताकि कस्बे में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
दशहरा मेले के दौरान कस्बे में भगवान श्रीराम की भव्य झांकी निकाली जाएगी। वहीं, पक्का पोखरा पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की तैयारी की है।
मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए कस्बे के प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन का विशेष ध्यान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा पर रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और यातायात नियमों का ध्यान रखें। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सहयोग लें।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है, जिससे मेला सकुशल संपन्न हो सके।
