बनकटा (देवरिया)। साइबर ठगी के शिकार युवक को बनकटा पुलिस की तत्परता से राहत मिली है। पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 9,373 रुपये वापस करा दिए। धनराशि खाते में वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, बनकटा थाना क्षेत्र के अनीश बरनवाल पुत्र अनिल बरनवाल साइबर ठगी के शिकार हो गए थे। उन्होंने 21 जुलाई 2024 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33107240092174 था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में बनकटा थाने की साइबर टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड कराया और एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 9,373 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक आलोक रंजन सिंह, कांस्टेबल विद्यासागर, कांस्टेबल अमृत राजभर और महिला कांस्टेबल जूही यादव शामिल रहे।
ठगी होने पर 1930 पर करें फोन
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, समय रहते शिकायत करने से ठगी की धनराशि को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
