सोनीपत। पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ की वॉलीबॉल टीम ने दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में आयोजित इंटर कॉलेज वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले संस्थान के तीन खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए विश्वविद्यालय की टीम में किया गया है। इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. विजयपाल नैन, सचिव गौतम नैन, कोषाध्यक्ष भोपाल सिंह, प्रबंध निदेशक कपिल भाटिया, एमडी इंजीनियर संघदीप शाक्य, डायरेक्टर एकेडेमिक्स डॉ. स्वीटी, कैंपस डायरेक्टर कुलदीप और रजिस्ट्रार कंवलजीत सिंह संधू ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ की टीम की ओर से जगजीत आनंद, नीलाक्ष, आदित्य पंडित, प्रतीक, पीयूष रावत, वामसी, नासिर हुसैन, दिवाकर, जितेश और विकास ने शानदार प्रदर्शन किया। इनमें बीटेक एयरोनॉटिकल के छात्र जगजीत आनंद, नीलाक्ष और आदित्य पंडित का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल की टीम में हुआ है। इस मौके पर चेयरमैन डॉ. विजयपाल नैन ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने टीम के कोच विजय राणा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
