पात्रों तक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने प्रोबेशन विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्रों तक पहुंचाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेंटर में पुलिस चौकी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें, ताकि पीड़ित महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बाल श्रम और बाल विवाह से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर लगाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर बच्चों की शिक्षा और महिलाओं के स्वावलंबन की दिशा में प्रयास किए जाएं। घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति से जुड़े मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए नियमित रूप से यूट्यूब लाइव करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके और जरूरतमंद लोग उनका लाभ उठा सकें।
समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत 2,920 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि 129 नए पात्र आवेदनों को स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत 439 बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। वहीं, स्पॉन्सरशिप योजना में 636 बच्चे आच्छादित हैं। इसके तहत 583 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 14.88 लाख रुपये भेजे गए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नम्रता सिंह, सावित्री राय, जेपी तिवारी, मीनू जायसवाल, नीतू भारती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
