समारोहपूर्वक दी गई विदाई
देवरिया । पुलिस विभाग में करीब 40 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस मुनीन्द्र नाथ गुप्ता शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना की।
मुनीन्द्र नाथ गुप्ता एक नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। उन्होंने 39 वर्ष 11 माह 30 दिन तक विभाग में पूरी निष्ठा, लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं दीं। 31 अक्टूबर 2026 को सेवाकाल पूरा होने पर वह सेवानिवृत्त हो गए।
विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ने विभाग के प्रति उनके समर्पण और योगदान के लिए आभार जताया। साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस दौरान विभाग की ओर से उन्हें 16 लाख 42 हजार 80 रुपये की ग्रेच्युटी की धनराशि बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी गई। वहीं पेंशन संबंधी आवश्यक अभिलेखों के साथ रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेज दी गई है, ताकि उन्हें पेंशन का लाभ समय से मिल सके। समारोह में पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
