
बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने विद्यालय आवंटित कर सौंपे नियुक्ति पत्र, तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के दिए निर्देश
देवरिया । समग्र शिक्षा और निपुण भारत मिशन को गति देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ईसीसीई एजुकेटर के द्वितीय चरण की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने 133 चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटित करते हुए नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इससे पहले पांच नवंबर को डायट रामपुर कारखाना में चयनित अभ्यर्थियों से रिक्त पदों के सापेक्ष उनकी इच्छानुसार ऑनलाइन विद्यालय विकल्प भरवाए गए थे। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को उनके चुने गए विकल्प के अनुसार विद्यालय आवंटित किए गए।

बीएसए ने बताया कि निर्धारित लिखित परीक्षा में कुल 141 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। इनमें से 133 अभ्यर्थियों ने विद्यालय आवंटन के लिए विकल्प दिया था। जनपदीय चयन समिति और जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद सभी 133 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान बीएसए ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने तत्काल विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए।

ईसीसीई एजुकेटर की तैनाती तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा उपलब्ध कराने तथा निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने के उद्देश्य से ऐसे परिषदीय विद्यालयों में की गई है, जहां विद्यालय परिसर के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हैं।
