सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर में पानी की बर्बादी, वर्षों पुरानी टंकी से लगातार टपक रहा पानी

0Shares

सरकार चला रही जल संरक्षण अभियान, लेकिन अस्पताल परिसर में प्रतिदिन बर्बाद हो रहा हजारों लीटर पानी

सलेमपुर (देवरिया)। एक तरफ सरकार जल संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चला रही है और लोगों को पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर में वर्षों पुरानी बनी पानी की टंकी से लगातार पानी टपकने के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद होने की बात सामने आ रही है।

अस्पताल परिसर में स्थित पानी की टंकी की हालत तस्वीरों में भी साफ दिखाई दे रही है। टंकी और उसके सहारे बने ढांचे पर काफी समय से रखरखाव नहीं होने के निशान नजर आ रहे हैं। टंकी से पानी का रिसाव होने के कारण लगातार स्वच्छ जल व्यर्थ बह रहा है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो पानी की बर्बादी के साथ-साथ संरचना की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

गौरतलब है कि गर्मी हो या सामान्य दिन, पानी की आवश्यकता हर जगह बनी रहती है। ऐसे में एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह पानी की बर्बादी होना चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।

अब सवाल यह है कि जल संरक्षण का संदेश देने वाले सरकारी विभाग अपने ही परिसर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए कब कदम उठाएंगे? जरूरत है कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी टंकी का तकनीकी निरीक्षण कराकर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करें, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और किसी संभावित दुर्घटना से भी बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *