‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान के तहत मॉर्निंग वॉकर्स से किया संवाद
देवरिया । पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर गुरुवार सुबह जिलेभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस टीमों ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों और विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर सुबह टहलने वाले महिला-पुरुषों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। वहीं बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

दूसरी ओर, एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच भी की गई। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक ने अभियान के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पुलिस के अनुसार, जनसंवाद, जागरूकता और चेकिंग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
